बिहार
एसडीएम के साथ बदसलूकी करके मुश्किलों में घिरे अश्विनी चौबे, मामला हुआ दर्ज
By Deshwani | Publish Date: 1/4/2019 1:17:56 PMबक्सर। बिहार के बक्सर सीट से एनडीए के उम्मीदवार अश्विनी चौबे एसडीएम के साथ बदसलूकी के मामले में मुश्किलों में घिर गए हैं। दरअसल, उनके और भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा 150 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज हुआ है।
बता दें कि, अश्विनी चौबे आचार संहिता लागू होने के बावजूद 30 से 40 गाड़ियों के काफिले के साथ बक्सर जा रहे थे। उनका काफिला संकल्प सभा स्थल से गुजर रहा था। मौके पर खुद एसडीएम केके उपाध्याय और डीएसपी सतीश कुमार मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने मंत्री के काफिले को रोकने का प्रयास किया। जिस पर मंत्री अधिकारियों पर ही बरस पड़े।
एसडीएम केके उपाध्याय ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करना पड़ेगा। इस पर अश्विनी चौबे ने कहा कि ठीक है मुझे जेल ले चलिए। ये मेरी गाड़ियां हैं इन्हें जब्त नहीं किया जा सकता। अधिकारियों के रोकने के बाद भी वे अपने समर्थकों के साथ आगे बढ़ गए थे।