बिहार
शत्रुघ्न सिन्हा का कांग्रेस में शामिल होना फिलहाल टला
By Deshwani | Publish Date: 28/3/2019 4:14:32 PMपटना/नई दिल्ली। पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा जल्द की कांग्रेस का दामन थाम कर फिर से पटना साहिब लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने को तैयार हैं। उन्हें आज कांग्रेस में शामिल होना था लेकिन बिहार में गठबंधन को लेकर उपजी नई स्थिति के चलते फिलहाल मामला टल गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने दिल्ली पहुंचे शत्रुघ्न सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनका पटना साहिब सीट से चुनाव लड़ना तय है लेकिन इस बार परिस्थिति दूसरी होगी। उनका मतलब दूसरी पार्टी यानी कांग्रेस से है। हाल ही में भाजपा की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम गायब था। भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व के खिलाफ मुखर होने के चलते वह पार्टी में हाशिये पर थे।
कांग्रेस नेताओं से मुलाकात के बाद बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है। वह पार्टी के स्टार नेता एवं स्टार प्रचारक होंगे। कांग्रेस उन्हें पटना साहिब से अपना उम्मीदवार बनाकर उतारना चाहती है। पटना साहिब सीट से भाजपा ने केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को अपना उम्मीदवार बनाया है।