पटना। पटना में कल यानि रविवार को होने वाली एनडीए की संकल्प रैली की तैयारी लगभग पूरी की जा चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी कल पटना आएंगे। प्रधानमंत्री मोदी करीब साढ़े 12 बजे दिन में गांधी मैदान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की संकल्प रैली को सम्बोधित करेंगे।
रैली के मद्देनजर पूरे राजधानी को होर्डिंग्स, बैनर, झंडों से पाट दिया गया है। साथ ही जनसंपर्क अभियान को तेज कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीएम मोदी नई दिल्ली से एयरफोर्स के विशेष विमान से सुबह करीब साढ़े 11 बजे पटना पहुंचेंगे। इसके बाद वहां से सीधे गांधी मैदान रैली स्थल पर पहुंचेंगे। उनके सवा दो घंटे तक यहां रहने की संभावना है। इसके बाद वे वापस हवाई अड्डा पहुंचेंगे और फिर विशेष विमान से नई दिल्ली लौट जायेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर पटना के सभी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरा गांधी मैदान छावनी में तब्दील हो गया है। गांधी मैदान के सभी गेट के पास पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। रैली के दौरान लोगों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसका पूरा बंदोबस्त प्रशासन ने किया है।
इस रैली में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सुशील मोदी, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहेंगे।