बिहार
बजट सत्र के बाद एनडीए में सीटों का बंटवारा, बिजेंद्र-ललन-वशिष्ठ चुनेंगे जदयू के प्रत्याशी
By Deshwani | Publish Date: 21/1/2019 1:59:18 PMपटना। जदयू ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार चुनने की जिम्मेवारी उर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के साथ प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह को सौंपी है।
संसद के बजद सत्र के बाद बिहार में सीटों का बंटवारा हो जाएगा और फिर इसी क्रम में उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। पार्टी की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पार्टी में लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी तय करने के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया।
बैठक के बाद प्रधान महासचिव के. सी. त्यागी ने बताया कि पार्टी राम मंदिर समेत अन्य विवादास्पद मुद्दों पर अपने पुराने स्टैंड पर कायम रहेगी। पार्टी नागरिकता संशोधन विधेयक का विरोध करेगी।
पार्टी असम गण परिषद की रैली में भाग लेगी। इसमें पार्टी का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर और त्यागी करेंगे। जदयू ने विधेयक पर कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक फरवरी के अंत में पटना में करने का निर्णय भी लिया गया। इसमें पूरे देश भर के पार्टी पदाधिकारी व प्रतिनिधि शामिल होंगे। पार्टी लक्षद्वीप में लोकसभा का चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा अन्य राज्यों में चुनाव लड़ने का फैसला राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ही की जाएगी।