बिहार
राजद नेता की गोली मार कर हत्या, दो दिन पहले ही राजद में हुआ था शामिल
By Deshwani | Publish Date: 2/1/2019 11:28:44 AMनालंदा। जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव निवासी व्यवसायी व राजद नेता इंदल पासवान की गांली मार कर मंगलवार की रात हत्या कर दी गयी। मालूम हो कि इंदल पासवान दो दिन पहले ही राजद में शामिल हुए थे। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। वहीं, नालंदा के एसडीपीओ ने कहा है कि 'व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण इंदल पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। हम मामले की जांच कर रहे हैं।'
जानकारी के मुताबिक, जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव निवासी व्यवसायी व राजद नेता इंदल पासवान किसी श्राद्धकर्म में शामिल होने के बाद अपनी बाइक से मंगलवार की देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाये इंतजार कर रहे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दी। गोली लगने से इंदल पासवान की मौके पर ही मौत हो गयी। रात में इंदल पासवान जब घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। आज सुबह उनका शव और बाइक गांव के पास ही मिला। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गयी है। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी। वहीं, घटना से आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। घटना के संबंध में नालंदा के एसडीपीओ ने कहा है कि 'व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। हम मामले की जांच कर रहे हैं।'