बिहार
बेखौफ अपराधियों ने जेडीयू नेता की मां को गाेली मारकर की हत्या
By Deshwani | Publish Date: 19/12/2018 12:35:43 PMपटना। बेगूसराय में अपराधियों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना देर रात की है जब बेखौफ अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। मृतक महिला पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के करीबी माने जाने वाले जदयू के प्रखंड स्तरीय नेता मोहम्मद शब्बीर की मां बताई जाती है।
अपराधियों ने घर में घुसकर उनकी मां को गोली मार दी जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर की है। जानकारी के अनुसार बीती रात तकरीबन 3 की संख्या में अपराधी मोहम्मद शब्बीर के घर पर आए और मोहम्मद शब्बीर को पुकारने लगे। इस दौरान शब्बीर के घर में नहीं रहने के कारण उनकी मां ने जैसे ही दरवाजा खोला और बाहर निकली अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
गोलीबारी की इस घटना में एक गोली मोहम्मद शब्बीर की मां फातिमा खातून के माथे में जा लगी जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश बना हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं लग सका है।