बिहार
मुजफ्फरपुर: अज्ञात बदमाशों ने कैश वैन के गार्ड को बनाया गोलियों का निशाना, 52 लाख लूटे
By Deshwani | Publish Date: 22/11/2018 2:14:46 PMमुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने कैश वैन के गार्ड को गोली मारकर 52 लाख रुपए लूट लिए।
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के जैतपुर ओपी के टोल प्लाजा के पास की है। बोलेरो पर सवार हथियार से लैस अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने कैश वैन के गार्ड बिनोद सिंह को गोली मार दी और उसका हथियार भी अपने साथ ले गए।
अपराधी 52 लाख रुपए लूट कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।