बिहार
प्रदर्शन कर रहे रालोसपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने भांजीं लाठी, कई घायल
By Deshwani | Publish Date: 10/11/2018 4:34:31 PMपटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को कथित रूप से नीच कहे जाने से नाराज कुशवाहा समाज के सदस्यों ने पटना के गांधी मैदान से राजभवन तक मार्च निकाला, जिसमें सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
इस दौरान डाकबंगला चौराहे पर कुशावाह समाज के सदस्यों और पुलिस कर्मियों के बीच तीखी नोंकझोंक हो गई जिसके बाद पुलिस ने जमकर लाठियां भांजीं, जिसमें कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है। वहीं, कार्यकर्ताओं द्वारा ईंट-पत्थर फेंके जाने से कई पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं।
कुशवाहा समाज के लोग डाकबंगला चौराहे से जैसे आगे बढ़ने लगे, तो पुलिस ने उन्हें जेपी गोलंबर के पास रोकना चाहा जिससे देखते-ही-देखते कार्यकर्ता उग्र हो गए और पुलिस द्वारा लगाई बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़ने लगे। जिसके बाद उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
कुशवाहा समाज के सदस्य नीतीश कुमार द्वारा उपेंद्र कुशवाहा को कथित तौर पर नीच कहने जाने से आहत हैं और उनका कहना है कि नीतीश कुमार या तो अपने शब्द वापस लें या भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इस मामले में नीतीश कुमार से पूछें कि आखिर उन्होंने ऐसे शब्द किस संदर्भ में प्रयोग किया।