बिहार
सीट शेयरिंग घमासान के बीच अमित शाह से मुलाकात करेंगे कुशवाहा
By Deshwani | Publish Date: 29/10/2018 5:09:44 PMपटना। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने ऐलान किया है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में एनडीए समान सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। इस घोषणा के बाद से बिहार की राजनीति में उथल-पुथल मच गई है। वहीं इस बीच बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की आज मुलाकात हो सकती है। यह मुलाकात बहुत ही अहम मानी जा रही है।
बता दें कि, अमित शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि सीट शेयरिंग पर सारी बातें तय हो चुकी है। उस दौरान उपेंद्र कुशवाहा तेजस्वी यादव से मुलाकात कर रहे थे। एेसे में कयास लगाए जा रहे थे कि कुशवाहा जल्द ही कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं, लेकिन कुशवाहा ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया।
ज्ञात हो कि, बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में अकेले बीजेपी के खाते में 22 सीटें गईं थीं। वहीं राजद 4, लोजपा 6, रालोसपा 3, जदयू 2, कांग्रेस 2 और एनसीपी को एक सीट जीतने में सफलता मिली थी। वहीं एनडीए की बात करें तो उसने 31 सीटें जीतने में सफलता प्राप्त की थी।