बिहार
भाजपा-जदयू सीट शेयरिंग पर तेजस्वी का तंज, कहा- हार के डर की वजह से हुआ यह समझौता
By Deshwani | Publish Date: 27/10/2018 1:05:34 PMपटना। 2019 लोकसभा चुनावों को लेकर बिहार की राजनीतिक पार्टियों में हलचल मची हुई है। इसी बीच जदयू और भाजपा ने बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इस पर बिहार की प्रमुख विपक्षी पार्टी राजद के नेता तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि इस समझौते की वजह भाजपा व जदयू की मजबूरी और हार का डर है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद गठबंधन के बढ़ते जनाधार, जमीनी हकीकत और सर्वे का सामना करने के बाद नीतीश जी और बीजेपी के हाथ-पैर फूल गए हैं इसलिए आनन-फानन में यह वोट कटाव रोकने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि बिहार क्रांति व बदलाव की धरती है। नीतीश या पीएम मोदी चाहे ट्रम्प को भी मिला लें, बिहार की न्यायप्रिय जनता इनको कड़ा सबक सिखायेगी।
बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात की। इसके बाद नीतीश भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिलें। दोनों नेताओं ने एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की जिसमें उन्होंने यह ऐलान किया कि भाजपा और जदयू लोकसभा चुनाव समान सीटों पर लड़ेगी।