बिहार
भाजपा सांसद भोला सिंह को प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कल होगा अंतिम संस्कार
By Deshwani | Publish Date: 20/10/2018 1:16:16 PMबेगूसराय। बिहार में बेगूसराय से भाजपा सांसद भोला सिंह ने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में शुक्रवार को अंतिम सांस ली। वह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोला सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आज उनका पार्थिव शरीर पटना पहुंचेगा और रविवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर भी भाजपा के वरिष्ठ नेता भोला सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की थी। उन्होंने लिखा कि वो अपनी असाधारण समाज सेवा की भावना और बिहार के विकास के लिए किए गए प्रयासों के लिए हमेशा जाने जाएंगे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदना उनके परिवार, शुभचिंतकों और समर्थकों के साथ है।
गौरतलब है कि वर्ष 1967 में पहली बार वामदल के सहयोग से निर्दलीय विधायक चुने गए भोला सिंह बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष, शहरी विकास मंत्री एवं शिक्षा मंत्री भी रहे। वह कुल नौ बार विधायक रहे। वह वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में नवादा से और वर्ष 2014 में बेगूसराय से सांसद चुने गए।