बिहार
पारिवारिक कलह के कारण महिला ने बच्चों के साथ नदी में लगाई छलांग, बच्चों की हुई मौत
By Deshwani | Publish Date: 3/10/2018 2:48:47 PMसिवान। बिहार के सिवान जिले में घरवालों से हुए झगड़े के कारण दुखी एक महिला ने अपने तीन बच्चों के नदी में छलांग लगा दी। इस पर स्थानीय लोगों के द्वारा महिला को तो बचा लिया गया लेकिन तीनों बच्चों की नदी में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के दरौली थाना क्षेत्र के टोका नारायणपुर स्लूईस गेट के पास की है। महिला ने मंगलवार की देर शाम अपने तीन बच्चों के साथ नदी में छलांग लगा दी। इस पर स्थानीय लोगों ने नदी मे कूदकर महिला की जान तो बचा ली लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। इस पर लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इस घटना के चलते परिवार में मातम का माहौल फैल गया है।
महिला की पहचान गांव के विनय चौहान की पत्नी के रूप में हुई है। मृतकों में एक पुत्र युवराज और दो बेटियां शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थानाध्यक्ष जयनारायण राम दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और बच्चों की तलाश में जुट गए हैं।