बिहार
पैसे लेकर शराब से भरे वाहन छोड़ने के आरोप में थानेदार और ASI गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 3/10/2018 12:39:06 PMगोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना प्रभारी लक्ष्मी नारायण महतो और एएसआई सुधीर कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इन पुलिस अधिकारियों पर शराब से लदे वाहन को पकड़कर फिर बाद में उसे छोड़ देने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक राशिद जमा ने बताया कि इन दोनों पुलिस अधिकारियों ने पहले शराब से लदे वाहन को पकड़ा और फिर बाद में पैसे लेकर वाहन को छोड़ दिया। इस पर कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी का कानून लागू है। सीएम नीतीश कुमार शराबबंदी को सफल बनाने में लगातार प्रयास कर रहे हैं लेकिन कई बार सरकार के अधिकारी ही इस कानून की धज्जियां उड़ाते हुए नजर आते हैं।