बिहार
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे का तंज, बोले-बिहार में पिछलग्गू है कांग्रेस
By Deshwani | Publish Date: 18/9/2018 5:00:01 PMपटना। बिहार कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर मदन मोहन झा की ताजपोशी को लेकर भाजपा ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा नेता मंगल पांडेय ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस किसी को भी प्रदेश अध्यक्ष बना दे बिहार में कोई फायदा नहीं होने वाला है। बिहार में कांग्रेस पिछलग्गू पार्टी है। जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है।
ज्ञात हो कि बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रहे मदन मोहन झा को कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी। इस फैसले पर आज दिल्ली से मुहर लगी। मदन मोहन झा बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और विधान परिषद के सदस्य हैं। उनके मनोयन की सूचना पार्टी के दिल्ली कार्यालय द्वारा जारी की गई।
बिहार में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का पद अशोक चौधरी को हटाए जाने के बाद से ही लगातार खाली था और कौकब कादरी प्रदेश अध्यक्ष के प्रभार में थे। 2019 में होने वाले चुनाव से पहले पार्टी ने सवर्ण चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंप कर सवर्णों को लुभाने की कोशिश की है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद झा ने कहा कि मेरा पहला प्रयास महागठबंधन में पार्टी के लिए ज्यादा से ज्यादा सीट लेना है हालांकि इसका फैसला पार्टी के आलाकमान को लेना है।