बिहार
भोजपुर के सोबराही नदी में डूबी तीन बच्चियों का शव बरामद
By Deshwani | Publish Date: 14/9/2018 3:36:08 PMभोजपुर। भोजपुर जिले के कोइलवर थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर के समीप सोबराही नदी में डूबी तीन बच्चियों का शव आज सुबह बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही मृत बच्चियों के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवा दिया है।
जानकारी के अनुसार मृत बच्चियों में ज्ञानपुर गांव के रामकृत बिंद की बेटी आशा कुमारी व नेहा कुमारी तथा ललक बिंद की बेटी छठिया उर्फ छठी है। बताया जाता है कि तीनों बच्चियां गुरुवार की दोपहर एक साथ घर से नदी की तरफ गई थी। उसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने शाम में खोजबीन शुरू की लेकिन कुछ अता-पता नहीं चला। परिजनों को बच्चियों के नदी में डूब जाने की आशंका हुई। इसके बाद लोगों ने नदी में खोजबीन शुरू की।
आज सुबह तीनों बच्चियों का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही मृत बच्चियों के घर में मातमी सन्नाटा पसर गया। घटना के बाद रामकृत बिन्द का पूरा परिवार सदमे में आ गया है। घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, ज्ञानपुर निवासी अलगू बिंद के दामाद ललक बिंद की बेटी छठिया उर्फ छठी की मौत से परिवार में हाहाकार मच गया। बताया जाता है कि मृत बच्चियों का परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है।