बिहार
कोर्ट परिसर में गैंगस्टर संतोष झा की गोली मार कर हत्या
By Deshwani | Publish Date: 29/8/2018 10:43:08 AMपटना। गैंगस्टर संतोष झा को सीतामढ़ी के अदालत परिसर के अंदर गोली मार कर हत्या कर दी। संतोष झा की हत्या उस वक्त की गई जब उन्हें पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। इस मामले में एक अपराधी गिरफ्तार हुआ है. संतोष झा दरभंगा में हुई इंजीनियर की हत्या का भी आरोपी था। सीतामढ़ी में दो इंजीनियरों के हत्या के पीछे भी संतोष झा गैंग का हाथ था। हत्या के मामले में संतोष झा फिलहाल जेल में बंद था। शिवहर के रहने वाले संतोष झा ने बहुत कम वक्त में अपराध की दुनिया में अपना साम्राज्य स्थापित किया। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही संतोष झा के गैंग के सदस्य अभिषेक झा की मोतिहारी कोर्ट परिसर में अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
संतोष झा शिवहर जिले के पुरनहिया थाने का रहने वाला था। बताया जाता है कि संतोष झा पहले नक्सली था। लेकिन बाद में धीरे धीरे उसने अपने गिरोह का विस्तार किया और गैंगस्टर बन गया. सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया, गोपालगंज, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर जिलों में उसने अपना जाल फैला रखा था। संतोष झा बीते दस साल से अधिक समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। पहले वो खुद को नक्सली बताकर वारदात को अंजाम दिया करता था।