बिहार
मुजफ्फरपुर कांड: बाल कल्याण संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक सहित 6 निलंबित
By Deshwani | Publish Date: 5/8/2018 11:59:22 AMपटना। प्रदेश सरकार ने मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड की कार्रवाई करने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। बाल कल्याण संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक देवेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त भोजपुर, मुंगेर, अररिया, मधुबनी और भागलपुर के सामाजिक कल्याण विभाग के सहायक निदेशकों को भी निलंबित कर दिया गया है।
इन अधिकारियों पर टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल साइंस (टीआईएसएस) की रिपोर्ट के बाद बालिका गृह मामले में कार्रवाई करने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। इसके अतिरिक्त सरकार ने गिरफ्तार आरोपी ब्रजेश ठाकुर पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
सरकार ने ब्रजेश का आर्म्स लाइसेंस रद्द कर दिया है। जानकारी के अनुसार, ब्रजेश ठाकुर के पास एक पिस्टल और एक राइफल का लाइसेंस है। मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी मोहम्मद सोहेल ने ब्रजेश को दो दिनों के अंदर अपने दोनों हथियार सरकार को वापस जमा करवाने का आदेश दिया है।
गौरतलब है कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड की गूंज दिल्ली तक पहुंच गई है। शनिवार को राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी राजद के नेता तेजस्वी यादव ने दिल्ली के जंतर-मंतर में धरना दिया और कैंडल मार्च निकाला। राजद के इस धरने में कई विपक्षी नेता शामिल हुए। तेजस्वी ने इस धरने में कई विपक्षी नेताओं को एकजुट कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है।