बिहार
तेजस्वी यादव की मांग- मुजफ्फरपुर केस के आरोपी ब्रजेश ठाकुर को मिले फांसी
By Deshwani | Publish Date: 4/8/2018 8:38:45 PMनई दिल्ली/पटनाः बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह में लड़कियों के साथ दुष्कर्म के मामले में राजद नेता तेजस्वी यादव शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे हैं। धरने पर बैठने से पहले तेजस्वी यादव के इस मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर को फांसी देने की मांग की। इसके साथ ही तेजस्वी ने बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला।
तेजस्वी ने कहा कि आप देख सकते हैं कि पिछले एक साल में बिहार में अपराधों की संख्या में वृद्धि हुई है। राज्य के विभिन्न जिलों से गैंगरेप के मामलों की सूचना मिल रही है इसके बावजूद सरकार के द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
राजद नेता ने कहा कि मुजफ्फरपुर मामले में बाल आयोग की रिपोर्ट के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। टाटा इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट आने के 2 महीने बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी और उसमें मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर का नाम गायब था। किसी भी तरह नीतीश जी ब्रजेेश के करीबी सहयोगी रहे हैं।
तेजस्वी यादव का कहना है कि जिस लड़की से सारी जानकारी मिली थी उसे मधुबनी के एक आश्रय घर में स्थानांतरित कर दिया गया। स्थानांतरित होने के बाद उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। हम नहीं जानते कि वह मर चुकी है या मारी गई है या गायब है। राजद नेता तेजस्वी यादव का धरना दिल्ली के जंतर-मंतर में शुरू हो चुका है। इस प्रदर्शन में कई विपक्षी नेता भी मौजूद हैं।