बिहार
एक मंच पर दिखे बाहुबली विधायक अनंत सिंह और नीतीश के मंत्री, जदयू में मची उथल-पुथल
By Deshwani | Publish Date: 29/7/2018 1:40:05 PMपटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में विरोध में सुर उठे हैं। इस विरोध का कारण बाहुबली निर्दलीय विधायक अनंत सिंह बताया जा रहा है। अनंत सिंह की जदयू में वापसी को लेकर पार्टी के दो नेता आमने-सामने आ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मोकामा में एक कार्यक्रम में बाहुबली निर्दलीय विधायक अनंत सिंह, नीतीश के करीबी मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह एक मंच पर साथ-साथ दिखाई दिए। अनंत सिंह की जदयू में वापसी के बारे में पूछने पर नीतीश के मंत्री के कहा कि वह जदयू से बाहर कब गए थे। मंत्री के इस बयान पर जदयू में उथल-पुथल मच गई है।
जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार का कहना है कि जिसे उच्च न्यायालय ने ट्रेजडी ऑफ सोसाइटी माना हो उसे पार्टी अपना हिस्सा कैसे बना सकती है। उन्होंने कहा कि हमारा यूएसपी अनंत सिंह, राजवल्लभ यादव, शहाबुद्दीन और अशोक महतो जैसे लोगों पर की गई कानूनी कार्रवाई ही है। ऐसे लोगों की पार्टी में एंट्री नहीं हो सकती।
2015 में बाहुबली अनंत सिंह पर हत्या का आरोप लगने के बाद जदयू ने इन्हें पार्टी से निकाल दिया था। इसके बाद उन्होंने मोकामा से निर्दलीय चुनाव लड़ा। उनके सामने जदयू ने नीरज कुमार को मैदान में उतारा था। अनंत सिंह ने नीरज कुमार को मात देते हुए चुनावों में जीत हासिल की थी।