बिहार
आपदा की परिस्थिति में उदारतापूर्वक पैसा खर्च करें अधिकारी : नीतीश कुमार
By Deshwani | Publish Date: 24/7/2018 11:00:52 AMपटना। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद में डीजल अनुदान की राशि का किसानों के बैंक खातों में अॉनलाइन ट्रांसफर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि समन्वयक व कृषि सलाहकार कैंपेन मोड में प्रत्येक गांवों में किसानों के घर जाकर कृषि अनुदान योजनाओं की जानकारी दें। उन्हें केंद्र पर ले जाकर रजिस्ट्रेशन कराएं। साथ ही आधार से उनका खाता लिंक कराएं। इस मौके पर 1100 किसानों के खातों में राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई को फिर बैठक आयोजित कर सारी परिस्थितियों की समीक्षा की जाएगी, जिसमें सुखाड़ घोषित करने पर भी निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों कहा कि आपदा की परिस्थिति में उदारतापूर्वक पैसा खर्च कीजिए। सरकारी खजाने पर आपदा पीड़ितों का पहला हक है।
कृषि विभाग के प्रधान सचिव ने कहा कि डीजल अनुदान का लाभ लेने के लिए किसानों को पहले विभाग की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। फिर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। कृषि समन्वयक व कृषि सलाहकारों को आवेदनों की जांच के लिए 10 दिनों का समय दिया जाएगा। इस अवधि में उनके द्वारा रिपोर्ट नहीं देने पर उसे सही माना जायेगा। इसके बाद जिला कृषि पदाधिकारी सात दिनों के अंदर विभाग को रिपोर्ट देंगे। राज्य मुख्यालय से दो दिनों के अंदर राशि बैंक को भेज दी जाएगी, जहां से लाभुकों के खातों में पैसा ट्रांसफर हो जाएगा।