बिहार
राष्ट्रपति ने 4 सदस्यों को राज्यसभा में किया मनोनीत, बिहार के राकेश सिन्हा को मिली जगह
By Deshwani | Publish Date: 14/7/2018 6:59:46 PMपटना। राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा में चार सदस्यों को मनोनीत कर दिया गया है। इन सदस्यों में बिहार के राकेश सिन्हा भी शामिल हैं। इस उपलब्धि के कारण उनके पैतृक गांव बेगूसराय में खुशी का माहौल फैला हुआ है।
राकेश सिन्हा टीवी चैनल्स पर आने वाले डिबेट शो का चर्चित चेहरा हैं। वह टीवी चैनलों पर बीजेपी और संघ का पक्ष रखते हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एमफिल की पढ़ाई की और पीएचडी कोटा विश्वविद्यालय से की। सिन्हा जानेमाने लेखक और दिल्ली यूनिवर्सिटी के एक कॉलेज में असोसिएट प्रोफेसर हैं।
सिन्हा दिल्ली स्थित थिंक टैंक इंडिया पॉलिसी फाउंडेशन के संस्थापक और माननीय निदेशक हैं। इस समय इंडियन काउंसिल ऑफ सोशल साइंस रिसर्च के बोर्ड मेंबर हैं। इसके साथ ही राकेश सिन्हा कई अखबारों में नियमित लेख भी लिखते हैं और उन्होंने कई पुस्तकें भी लिखी हैं जिसमें हेडगेवार की जीवनी भी शामिल है। सिन्हा को केंद्रीय हिंदी संस्थान की ओर से दीनदयाल उपाध्याय अवॉर्ड भी मिल चुका है।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति ने क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, फिल्म अभिनेत्री रेखा, अनु आगा और के पारासन का राज्यसभा में कार्यकाल समाप्त होने के बाद आरएसएस विचारक व लेखक राकेश सिन्हा, मशहूर डांसर सोनल मानसिंह, किसान नेता राम शकल और प्रसिद्ध मूर्तिकार रघुनाथ महापात्रा को राज्यसभा में मनोनीत किया।