बिहार
10वीं की छात्रा से प्राचार्य सहित दो शिक्षक एवं 15 छात्रों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
By Deshwani | Publish Date: 6/7/2018 6:54:28 PMछपरा (सारण)। बिहार में सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ स्थित दीपेश्वर बाल ज्ञान निकेतन में एक छात्रा के साथ प्राचार्य, शिक्षकों व छात्रों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में पीड़ित छात्रा के बयान पर महिला थाना में शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गयी और इस मामले में प्राचार्य, दो शिक्षकों तथा 15 छात्रों को नामजद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में प्राचार्य, एक शिक्षक व दो छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है।
शिक्षा के मंदिर में प्राचार्य, शिक्षकों व छात्रों ने हैवानियत की हद पार कर देने वाली घटना को अंजाम शिक्षा मंदिरों को कलंकित किया है। इस दुराचार की घटना को सुनकर क्षेत्र के लोग पूरी तरह से स्तब्ध हैं और विद्यालय को बंद कर अन्य शिक्षक व कर्मचारी फरार हो गये हैं। इस घटना के कारण लोगों में शिक्षकों के प्रति आक्रोश व्याप्त है। पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने बताया कि छात्रा के साथ पिछले सात माह से दुष्कर्म की घटना हो रही थी। शुक्रवार को पीड़ित छात्रा ने महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह तथा महिला थानाध्यक्ष इंद्रा रानी ने घटना स्थल पर जाकर मामले की जांच की और इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित छात्रा दशम वर्ग की है।
पुलिस ने छात्रा की मेडिकल जांच छपरा सदर अस्पताल में कराया। इस मामले में पीड़ित छात्रा का बयान शनिवार को न्यायालय में दर्ज कराया जायेगा। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।