बिहार
महागठबंधन में 'चाचा' के लिए जगह नहीं : तेजस्वी
By Deshwani | Publish Date: 27/6/2018 10:49:28 AMपटना। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कभी स्वीकार नहीं करेगी। हमारे गठबंधन में उनकी कोई जगह नहीं है। नीतीश के लिए महागठबंधन के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश चाचा जिस भी गठबंधन में रहेंगे उसकी नैय्या डूबाने का काम करेंगे।
तेजस्वी ने कहा कि जिन्होंने जनादेश का अपमान किया और 2 लाख तलवारें बंटवाने का काम किया, एससी-एसटी एक्ट को खत्म करने का काम किया, क्या कांग्रेस के लोग कभी चाहेंगे कि ऐसे लोग हमारे गठबंधन में आएं। उन्होंने कहा कि बिहार में 36 घोटाले हो चुके हैं और मुख्यमंत्री ने उनके आरोपियों को संरक्षण देने का काम किया है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हम किसी भी दबाव के कारण नीतीश चाचा को राजद में शामिल होने के लिए आमंत्रित नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस का गठबंधन लम्बे समय तक चलने वाला है। इस मौके पर तेजस्वी ने बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर साइकिल रैली निकालने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजद के साथ-साथ गठबंधन में शामिल सभी दल इस रैली में शामिल होंगे।