बिहार
गया दुष्कर्म कांड पर गरमाई बिहार में सियासत, दोषियों को मिले फांसी : पप्पू यादव
By Deshwani | Publish Date: 15/6/2018 4:41:07 PMपटना। बिहार के गया जिले के गुरारू में पति और बेटी के सामने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले पर सियासत तेज हो गई है। जन अधिकार पार्टी के संरक्षक और मधेपुरा के सांसद पप्पू यादव ने कहा कि इस मामले में अदालत को स्वत: संज्ञान लेकर स्पीडी ट्रायल कर दोषियों को फांसी की सजा देनी चाहिए। एक ओर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने गया गैंगरेप मामले में सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिहार में जंगलराज की स्थिति दिखने लगी है। उन्होंने सवाल किया कि सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सुशील मोदी चुप्पी क्यों साधे हुए हैं। सरकार को लॉ एंड ऑर्डर पर कंट्रोल करना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। गया कि घटना दुर्भाग्य पूर्ण है।
वहीं, जन अधिकार पार्टी के संरक्षक और मधेपुरा सांसद पप्पू यादव ने कहा है कि गया की घटना पर न्यायालय को स्वतः संज्ञान लेना चाहिए। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ने पर कहा कि किसके इशारे पर आरोपियों को थाने से रातों रात रिहा कर दिया गया। मेरी मांग है कि आरोपियों के विरुद्ध स्पीडी ट्रायल चलाकर 15 दिनों में फांसी की सजा देनी चाहिए।