बिहार
सीबीआई ने सृजन घोटाला मामले में 8 लोगों के खिलाफ किया केस दर्ज
By Deshwani | Publish Date: 13/6/2018 12:23:32 PMभागलपुर। आज सीबीआई ने सृजन घोटाले में आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पूर्व बैंक कर्मचारी और सृजन महिला विकास समिति के अधिकारी सहित आठ लोगों पर आपराधिक साजिश, विश्वासघात के साथ-साथ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
राज्य सरकार ने सीबीआई से सृजन घोटाले की जांच के आदेश दिये थे। सीबीआई जांच के बारे में आरजेडी उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने कहा था कि जांच शुरू हुए नौ महीने हो गये। लेकिन अभी तक मुख्य आरोपियों को नहीं पकड़ा जा सका है। उन्होंने कहा कि जांच के नाम पर यहां खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और सुशील मोदी को सारी जानकारी होते हुए भी वह बातों को छिपाना चाह रहे है।
गौरतलब है कि सृजन घोटाला हाल के वर्षों में बिहार का सबसे बड़ा घोटाला रहा है, जिसको लेकर विपक्ष समय-समय पर सरकार को घेरता रहा है। कुछ समय पहले ही जांच को लेकर आरजेडी ने सरकार को कठघरे में खड़ा किया था। हालांकि मामले में अब तक 17 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। साथ ही इससे पहले सीबीआई ने 12 लोगों के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की थी।