बिहार
तेज प्रताप की शादी में मची अफरा-तफरी, बेकाबू भीड़ ने लूटा खाने का सामान
By Deshwani | Publish Date: 13/5/2018 11:05:43 AMपटना। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के विवाह में देर रात हंगामा हो गया और अनियंत्रित भीड़ ने वीआईपी और मीडिया के लिए बने पंडाल को अलग करने वाले घेरे को तोड़ दिया तथा खाने का सामान लूटने लगे। मालूम हो तेज प्रताप राजद विधायक चंद्रिका राय की पुत्री ऐश्वर्या राय के साथ शनिवार को विवाह सूत्र में बंधे।
विवाह समारोह में जुटने वाले हजारों लोगों के लिए इंतजाम किया गया था। जयमाला कार्यक्रम के कुछ ही समय बाद भीड़ ने घेरा तोड़ दिया और लोग खाने की चीजें लूटने लगे। ये लोग संभवत: आरजेडी समर्थक थे। जल्द ही पूरा क्षेत्र टूटी क्राकरी , उलटे टेबल और कुर्सियां से पट गया। इस बीच पार्टी के कई नेताओं ने लोगों को भगाने का असफल प्रयास किया। कई कैमरामैन सहित मीडियाकर्मियों ने शिकायत की कि उनके साथ हाथपाई हुई और उनके उपकरणों को क्षति पहुंचाई गई। कैटरर ने कहा कि अनियंत्रित भीड़ में शामिल लोगों ने उनके कुछ बर्तन और अन्य चीजें लूट लीं।
इससे पहले शादी में कई राजनीतिक दिग्गज शामिल हुए। बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक , केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान , मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी कैबिनेट के कई सहयोगी , दिग्गज समाजवादी नेता शरद यादव ने वर - वधु को आशीर्वाद दिया। लालू के छोटे बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव एवं बेटी मीसा भारती ने नीतीश का स्वागत किया।