बिहार
मालखाना से हथियार चुराकर बेचने वाले गिरोह के पांच चोर गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 5/5/2018 5:19:50 PMभागलपुर। पुलिस ने मालखाने से हथियार चुराकर बेचने वाले गिरोह के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में दो लोग फरार हैं। मुंगेर एसपी गौरव मंगला ने बताया कि कोर्ट परिसर स्थित होटल का संचालक अपने साथियों के साथ मिलकर मालखाना में रखे हथियारों की चोरी करता था और फिर हथियारों को बेच देता था।
कोतवाली थाना क्षेत्र में गश्ती कर रहे पुलिसकर्मियों को न्यायालय परिसर में बीती रात चहलकदमी करते देख शक हुआ। इस दौरान बाइक से जा रहे दो युवकों के पास से पुलिस ने दो हथियार बरामद किया। पुलिस ने जब हथियार को देखा तो मालखाना में रखा हथियार था।
पुलिस ने होटल संचालक सहित दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी गौरव मंगला ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधी न्यायालय परिसर के अंदर स्थित मालखाना से हथियार निकालकर बेचने का काम करते हैं. उन्होंने कहा कि एक रायफल और एक दो नाली बंदूक की बरामदगी की गयी है।
इस मामले में सत्य साई होटल के संचालक कृष्ण मुरारी साह, राजीव कुमार, मो सैफ, वीरू कुमार और महताब को गिरफ्तार किया गया जो कासिम बजार थाना क्षेत्र के मनसरी तल्ले का रहनेवाला है. इस मामले में दो अभियुक्त फरार हैं जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी की जा रही है।