बिहार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुद्ध की 2562वीं जयंती पर भगवान बुद्ध को किया नमन
By Deshwani | Publish Date: 30/4/2018 11:26:24 AMपटना । भगवान बुद्ध की आज 2562वीं जयंती है। पूरे बिहार में बुद्ध जयंती पूरे धूमधाम से मनाई जा रही है। बोधगया में पूरे विश्व के कोने-कोने से बौद्ध श्रद्धालु इसके लिए आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बुद्ध जयंती के अवसर पर भगवान बुद्ध को नमन किया।
आज सुबह सीएम नीतीश पटना के बुद्ध पार्क पहुंचे जहां वे बुद्ध जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। वहां उन्होंने भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और पूजा-अर्चना भी की। उनके साथ नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद, मंत्री विनोद नारायण झा समेत पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि भी मौजूद थे।
आज बोधगया में इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में बौद्ध धर्मगुरु समेत काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान बुद्ध की 80 फीट विशाल मूर्ति से महाबोधि मंदिर तक शोभायात्रा निकाली गई।बुद्धं शरणं गच्छामि के जयघोष से बोधगया की सड़कें गुंजायमान हो रहीं।
वहीं आज बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक भी बोधगया जाएंगे और बुद्ध जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।