बिहार
कुछ लोग देश और देश के बाहर अशांति का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं : नीतीश
By Deshwani | Publish Date: 12/4/2018 10:46:09 AMबेंगलूरू। कल जदयू के प्रदेश सम्मेलन भाग लेने बेंगलुरु आए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाज में 'तनाव के माहौल' पर चिंता जताई और कहा कि यह ज्यादा लंबे समय तक नहीं टिकेगा। उन्होंने कहा कि कई लोगों को लगता है कि राजनीति संपत्ति अर्जित करने का जरिया है। लेकिन आदर्श राजनीति करने वाले और लोगों की सेवा करने वाले ही राजनीति में सफल होते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में जैसा भी माहौल है, तनाव का माहौल है। लोग एक - दूसरे पर हमले कर रहे हैं। वे बकवास कर रहे हैं। कोई यह नहीं देख रहा कि कितना काम हो रहा है।
जदयू के प्रदेश सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा , समाज में जैसा माहौल बनाया जा रहा है , तनाव पैदा किया जा रहा है , मेरे मुताबिक यह सब ज्यादा लंबे समय तक नहीं टिकेगा। नीतीश ने कहा कि समाज में प्रेम , शांति , सद्भाव और एक - दूसरे के प्रति सम्मान होने पर देश प्रगति करेगा।
किसी का नाम लिए बगैर नीतीश ने कहा कि कुछ लोग देश और देश के बाहर अशांति का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा , एक अलग तरह का माहौल बनाया जा रहा है। मुझे यकीन है कि यह लंबे समय तक नहीं टिकेगा।