बिहार
मोतिहारी के पकड़ीदयाल में निगरानी ने रिश्वत लेने के आरोप में प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी को किया गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 5/4/2018 9:37:09 PMमोतिहारी।
पूर्वी चम्पारण के पकड़ीदयाल में प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी को निगरानी ने गुरुवार की सुबह रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। निगरानी ने प्रखण्ड स्थित सरकारी आवास से गिरफ्तार किया है। निगरानी के पदाधिकारियों का दावा है कि उन्हें रिश्वत लेेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिक्षक की शिकायत पर आज निगरानी यहां पहुंची थी। बतया गया है कि निगरानी ने उन्हें 65 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
-राजेपुर के नवादा के शिक्षक की शिकायत पर किया गया गिरफ्तार
शिक्षक कृष्णदेव राम उत्क्रमित मध्य विद्यालय शेखपुरवा में प्रधान शिक्षक के रूप में पदस्थापित हैं। बताया गया है कि उनका नौ माह से वेतन बंद था। शिक्षक श्री राम ने बीईओ विंदा राम पर आरोप लगाया था कि उनके द्वारा 75 हजार रुपये की मांग की गई थी। जिसमें प्रधान शिक्षक ने 10 हजार रुपये पहले ही दे दिए थे। 65 हजार रुपये और देने थे। इसके बाद प्रधान शिक्षक ने इसकी शिकायत निगरानी से की। बताया जा रहा है कि निगरानी ने प्रधान शिक्षक की शिकायत सही पायी। निगरानी टीम की उपस्थिति में आज सुबह 8 बजे उनके सरकारी आवास पर घूस देने के जाल बछाया गया। जिसके बाद निगरानी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
-निगरानी के डीएपी के नेतृत्व में आई थी टीम
जांचोपरांत निगरानी डीएसपी महाराजा कनिष्क सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गयी। जिसमें बीईओ को कथित रूप से 65 हजार घूस लेते गिरफ्तार किया गया। निगरानी टीम में इंस्पेक्टर संजीव कुमार, ईश्वर प्रसाद, रणविजय कुमार, सिपाही अशोक कुमार सिंह, अमृतांशु कुमार, मोहन कुमार पांडे व जितेंद्र पासवान शामिल थे।