बिहार
एसएस कॉलेज में छात्र संघ चुनाव के दौरान बवाल के लिए 1 हजार अज्ञात छात्रों के विरूद्ध मामला दर्ज
By Deshwani | Publish Date: 20/3/2018 11:00:00 PMमोतिहारी। बीते 18 मार्च को एमएस कॉलेज में छात्र संघ के चुनाव के दौरान हुए जमकर हंगामा, आगजनी व तोड़फोड़ व पुलिस पर हमले के मामले में एक हजार अज्ञात लोगों पर एफआईआर किया गया है। दंडाधिकारी के तौर पर प्रतिनियुक्त प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने नगर थाने में मालमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया है कि चुनाव के दिन एमएसकॉलेज में कल्याण पदाधिकारी कमलेश्वर कुमार पंकज, नगर थाना के दारोगा आश्विनी कुमार तिवारी, जमादार अरुण ओझा 10 पुलिस जवानों के साथ तैनात थे। चुनाव 9 बजे से शुरू हुआ। अभी 35 वोट ही पड़े थे। इसी दौरान राजद की छात्र इकाई, जदयू की छात्र इकाई, एनएसयूआई व एआईएसएफ के कार्यकर्ता व समर्थक चुनाव में धांधली का आरोप लगाने लगे। उनका आरोप था कि चुनाव के समय भी पहचान पत्र कॉलेज द्वारा निर्गत किया जा रहा है। इसलिए चुनाव रद किया जाए। दूसरी तरफ एबीवीपी के नेताओं ने चुनाव जारी रखने को कहा। दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांगों के समर्थन में अड़े रहें। इस पर माहौल तनावपूर्ण व अनियंत्रित होने लगा। छात्रों की भीड़ ने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया। पुलिस को मजबूर होकर बल प्रयोग करना पड़ा। इस बीच एमएस कॉलेज के प्राचार्य सह चुनाव पदाधिकारी ने चुनाव अगल आदेश तक स्थगित करने का आदेश दे दिया। इसके बाद एक हजार अज्ञात छात्रों ने हमला बोल दिया। जिसमें पुलिस पदाधिकारी समेत कई लोग घायल हो गये। छात्रों ने तोड़फोड़, पथराव व आगजनी भी की। कृषि पदाधिकारी ने छात्रों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया है। नगर थाना ने एक हजार अज्ञात छात्रों के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।