बिहार
बिहार उपचुनावः तीन सीटों पर मतदान जारी, अररिया में 37% वोटिंग
By Deshwani | Publish Date: 11/3/2018 1:44:38 PMपटना। बिहार में लोकसभा की एक और विधानसभा की दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार की सुबह सात बजे शुरू हो गया। आंकड़ों के हिसाब से एक बजे तक अररिया में 37% वोटिंग हो गई है। अररिया से राजद के उम्मीदवार सरफराज आलम ने वोट डाल दिया है। भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जिनके खुद के घर शीशे के होते हैं वह दूसरों के घर पर पत्थर नहीं मारते।
मतदान के दौरान जहानाबाद विधानसभा उपचुनाव बूथ नंबर 94 पर दो गुटों के बीच गोलीबारी की खबर आई। इस खबर को एडीजी द्वारा खारिज कर दिया गया है। भभुआ से कांग्रेस प्रत्याशी ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाया है कि वह हराने की साजिश रच रहें हैं। 11 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार जहानाबाद में सबसे कम मतदान किया गया है। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष कौकब कादरी ने ईवीएम मशीन में गड़बड़ी की बात कहते हुए पुनर्मतदान की मांग की है। अररिया में लोकसभा सीट पर चुनाव हो रहा है। भाजपा के उम्मीदवार प्रदीप सिंह ने इस दौरान मतदान किया।