बिहार
बिहार उपचुनावः उम्मीदवारों ने की जीत का दावा, तीन सीटों पर कल होंगे मतदान
By Deshwani | Publish Date: 10/3/2018 7:35:57 PMपटना। बिहार में रविवार को तीन सीटों पर उपचुनाव होने जा रहें हैं। अररिया में लोकसभा तथा जहानाबाद व भभुआ में विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे। मतदान रविवार सुबह सात बजे शुरू हो जाएंगे। मतगणना 14 मार्च को की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, चुनावों के प्रचार की प्रक्रिया शुक्रवार को समाप्त कर दी गई थी। प्रशासन ने उपचुनावों को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। सभी मत केन्द्रों पर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बूथों पर पारा मिलिट्री फोर्स भी तैनात की जाएगी।
उपचुनावों की तीन सीटों पर महागठबंधन और एनडीए के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलने की उम्मीद है। अररिया सीट पर राजद के उम्मीदवार सरफराज को भाजपा के प्रदीप सिंह कड़ी टक्कर देने के लिए कमर कस चुके हैं।
जहानाबाद में राजद उम्मीदवार सुदय यादव और जदयू के अभिराम शर्मा के बीच मुकाबला होगा तो वहीं तीसरी और आखिरी भभुआ की सीट पर भाजपा की रिंकी रानी पांडेय और कांग्रेस के शंभू सिंह पटेल मैदान में उतरे हैं। प्रत्येक राजनीतिक दल उपचुनावों में जीत को लेकर दावेदारी कर रहा है। अब देखना यह होगा कि यह दावेदारी कितनी सच साबित होती है।