पटना। निर्दलीय उम्मीदवार दिव्यांशु भारद्वाज पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के अध्यक्ष का चुनाव जीत गए हैं। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की उम्मीदवार युषिता पटवर्धन उपाध्यक्ष घोषित की गई हैं। 23 कॉलेज काउंसलर के पदों का भी फैसला हो गया है। शनिवार की आधी रात के बाद तक सेंट्रल पैनल के अन्य पदों के लिए मतगणना जारी थी।
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होते ही साइंस कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र के बाहर विपक्षी उम्मीदवारों व समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान गोलीबारी भी हुई। कुछ देर के लिए मतगणना स्थल के आसपास भगदड़ की स्थिति बन गई। किसी तरह पुलिस बल ने हालात पर काबू पाया। शनिवार की सुबह आठ बजे से अपराह्न दो बजे तक पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए वोटिंग हुई। इस दौरान महज 42.56 फीसद मतदान हुआ। सभी 46 केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा।
मतदान समाप्त होने के बाद पटना कॉलेज परिसर में छात्रों के दो गुट भिड़ गए। मगध महिला कॉलेज में फर्जी मतदान को लेकर कुछ संगठनों ने हंगामा किया। एडीएम और एसडीओ के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। कुलपति प्रो. रासबिहारी प्रसाद सिंह ने कहा कि अधिसंख्य कॉलेजों में उम्मीद के अनुसार ही छात्र-छात्राओं ने मतदान किया। महिला कॉलेजों में कम मतदान से निराशा हुई है। 2012 में हुए पिछले चुनाव में 35 फीसद मतदान हुआ था।
ये बने कॉलेज काउंसलर
- वाणिज्य महाविद्यालय : मोहित प्रकाश
- वीमेंस ट्रेनिंग कॉलेज : अनुप्रिया
- पटना लॉ कॉलेज : सुमन सौरभ
- कॉलेज ऑफ आर्ट एंड क्राफ्ट : फिरदौसी बख्श
- पीजी ह्यूमैनिटीज : अभिषेक राज
- मगध महिला कॉलेज : अंजलि कुमारी, भाग्य भारती, अनुराधा
- पटना कॉलेज : सत्यम प्रकाश, अंकित कुमार
- बीएन कॉलेज : पीयूष कुमार, मधुसूदन प्रसाद मुकुल
- पटना वीमेंस कॉलेज : मानसी सिन्हा, मदीहा जावेद, सपना कुमारी, प्रगति प्रकाश
- पटना ट्रेनिंग कॉलेज : राज हिमांशु आर्या
- पटना सायंस कॉलेज : मनदीप कुमार, आशीष पुष्कर
- पीजी सोशल साइंस : विवेक कुमार, कुमार सत्यम
- पीजी कॉमर्स, एजुकेशन एंड लॉ : अरविन्द कुमार चौधरी
- पीजी साइंस : श्रवण कुमार