बिहार
चकिया में अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के दो बदमाश धराए, पिकअप व बाइक जब्त
By Deshwani | Publish Date: 17/2/2018 8:01:33 PMचकिया। रूबी सिंह।
चकिया क्षेत्र के शीतलपुर बाजार से शुक्रवार की देर शाम चोरी के वाहन का सौदा करते दो लोगों को स्थानीय पुलिस ने रंगे हाथ धर दबोचा। पकड़े गये दोनों वाहन चोर महज बीस हजार में ट्रैक्टर का सौदा कर रहे थे। पुलिस ने उनके पास से एक पिक-अप वाहन और एक ग्लैमर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस बाबत पुनि विनय सिंह ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार देर शाम वाहन चोर गिरोह द्वारा शीतलपुर बाजार में चोरी के वाहन का सौदा करने की जानकारी प्राप्त हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने विकास कुमार मनिहारी (मुजफ्फरपुर)और कन्हैया सहनी ढेकहां बाजार(केसरिया) को रंगे हाथ दबोच लिया, जबकि गिरोह के तीन अन्य सदस्य मौका देख फरार हो गए। फरार जस्सू सिंह महुअवा(वैशाली), संतोष सिंह (मनिहारी)और अरुण सहनी सरोतर(डुमरियाघाट) की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। पकड़े गये अपराधियों ने व्यापक पैमाने पर वाहन चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पकड़े गए दोनों अपराधियों पर मुज़फ़्फ़रपुर व वैशाली जिले में वाहन लूट, हत्या व आर्म्स येेकट के दो दर्जन मामले दर्ज हैं। दोनों को शनिवार को जेल भेज दिया गया जबकि तीन अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी जारी है।