बिहार
घने कोहरे के कारण दो गाड़ियों में टक्कर, छह घायल
By Deshwani | Publish Date: 20/1/2018 2:49:52 PMछपरा (बिहार), (हि.स.)। जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के देवरिया चट्टी के पास शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार बोलेरो सामने से आ रही ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में छह लोग जख्मी हो गए। दुर्घटना छपरा-सिवान एनएच-85 पर देवरिया गांव के पास हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शनिवार की सुबह कोहरा अधिक होने के कारण सड़क पर दृश्यता काफी कम थी। बोलेरो में छह लोग सवार थे, सभी घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में एक महिला समेत तीन लोगों की हालत नाजुक है। पिछले कुछ दिनों में घने कोहरे व ठंड के कारण छपरा-सीवान एनएच-85 पर वाहन दुर्घटना काफी बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि सभी घायल रिविलगंज थाना क्षेत्र के टेकनिवास के रहने वाले हैं। एक माह के अंदर छपरा-सीवान एनएच-85 पर एक दर्जन से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें 15 लोगों की मौत हो चुकी है।