बिहार
द्वारपूजा व जयमाल रश्म के बाद दूल्हे को मारी गोली, मौत
By Deshwani | Publish Date: 7/5/2017 6:50:26 PMदूल्हा सुधीर सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
आरा।जगदीशपुर। देशवाणी न्यूज नेटवर्क।
भोजपुर के पीलापुर गांव में शनिवार की देर रात एक शादी समारोह की खुशियां जयमाल के बाद गम में तब्दिल हो गयी। जयमाल के तुरंत बाद दूल्हे को किसी ने नजदीक से गोली मार दी। जगदीशपुर प्रखण्ड के ही उत्तरदाहा निवासी दूल्हे सुधीर सिंह 22 वर्ष को गम्भीर स्थित में आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराय गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुधीर सिंह अपनी विधवा मां की अकेली संतान थें। वे पीलापुर गांव निवासी सुदेश्वर सिंह महतो की पुत्री कुसुम कुमारी से शादी को बारात लेकर आए थें। पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटना के कारणों का ठीक-ठीक पता नही चल सका है। मृतक के चचेरे भाई आजाद सिंह ने प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस ने बताया कि दूल्हे के गांव के ही तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार जगदीशपुर प्रखंड के ही उत्तरदाहा गांव से सुदेश्वर महतो के घर बारात आई थी। बारात के पहुंचने पर द्वारपूजा और अन्य रस्म होने के बाद जयमाला का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद दूल्हा सुधीर सिंह को गाड़ी पर बैठाने के लिए दो लड़के ले जा रहे थे। इसी दौरान किसी ने घात लगाकर दूल्हे को गोली मार दी। गोली लगते ही दूल्हा वहीं गिर पड़ा। घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस गांव में पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। ग्रामीण भी हमलावर को पकड़ने के लिए खोजबीन कर रहे हैं।
थाना प्रभारी बीएन चौधरी ने बताया कि जयमाला स्थल से 150 मीटर की दूरी पर हल्का अंधेरा था। वहीं दूल्हे की गाड़ी लगी थी। दूल्हे की पीठ से सटाकर किसी ने गोली मार दी है। गोली मारने के बाद अपराधी पैदल ही भाग गया।