बिहार
केरल गौ हत्या मामले में भोजपुर में गरमाई राजनीति
By Deshwani | Publish Date: 31/5/2017 2:39:07 PMआरा (भोजपुर), (हि.स.)। केरल में यूथ कांग्रेस के नेताओं द्वारा खुल्लेआम गौ हत्या कर सार्वजनिक स्थानों पर टांगे जाने की भोजपुर के राजनैतिक गलियारों में तीव्र प्रतिक्रिया आ रही है। केरल की इस घटना ने आम आदमी की धार्मिक भावना को झकझोर कर रख दिया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के बैनर तले सैकड़ों छात्रों ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी का शहर के प्रमुख चौक पर पुतला जलाया। वहीं कांग्रेस नेताओं ने भी घटना के लिए जिम्मेदार नेताओं पर कार्रवाई की मांग कांग्रेस आलाकमान से की है। केरल मुद्दे पर जिले की राजनीति गरमा गई है। भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह और राजेंद्र तिवारी ने केरल कांड के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग प्रधानमंत्री से की है। वहीं कांग्रेस नेता अभिषेक द्विवेदी ने केरल यूथ कांग्रेस पर कार्रवाई नहीं होने पर पार्टी छोड़ देने की धमकी दे दी है। उन्होंने सोशल साइट फेसबुक पर ऐसी धमकी दी है।
भाजपा की पूर्व विधायक आशा देवी ने कहा कि गाय हमारी माता है, गाय आस्था है और गाय हमारी संस्कृति है। इसे जो मारेगा वह खुद मिट जाएगा। गाय को देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत बताते हुए आरएसएस नेता राजेश कुमार ने कहा कि हम अंतिम सांस तक गौ माता की रक्षा करने को संकल्पित हैं। फिलहाल केरल की घटना को लेकर भोजपुर और आरा में राजनिती ने नया मोड़ ले लिया है। इस घटना की चौतरफा निंदा हो रही है।