बिहार
रॉड से किया युवक पर हमला, मौत
By Deshwani | Publish Date: 26/4/2017 2:11:13 PMभागलपुर। बिहार में भागलपुर जिले के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के क्लबगंज स्थित सरस्वती अखाड़ा के पास मंगलवार की देर शाम जुआ खेलने के दौरान दो लोगों में विवाद हो गया। इस विवाद में अजय कुमार वर्मा (32) की हत्या लोहे का रॅाड घोंपकर कर दी गई।
हत्या का आरोप वरुण राय पर लगा है। घटना के बाद काफी देर तक अजय जीवित था। परिजन उसे गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल ले गए जहां उसकी मौत हो गई। इसे लेकर परिजनों ने शव को रखकर जमकर हंगामा किया। जूनियर चिकित्सकों से धक्का-मुक्की भी की गई। मृतक के बहन मनीषा ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि ऑपरेशन थियेटर के बाहर उसका भाई 45 मिनट तक तड़पता रहा, लेकिन किसी भी चिकित्सक ने उसका इलाज नहीं किया। जबकि अस्पताल के पीआई में युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाने का जिक्र किया गया है।
एसएसपी मनोज कुमार ने कहा कि पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। मृतक के भाई संजय वर्मा ने बताया कि अजय दिल्ली के एक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। होली में वह घर आया हुआ था। दस मई को वह वापस जाने वाला था। उसका ज्यादा लोगों के साथ उठना बैठना भी नहीं था। उधर, सिटी डीएसपी शहरयार अख्तर ने कहा कि परिजनों ने वरुण राय पर हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन उसमें हत्या के कारणों को स्पष्ट नहीं किया है। यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है । जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद के बिंदु पर भी जांच की जा रही है। अजय के शरीर के जख्म से यह स्पष्ट है कि उसकी हत्या रॅाड घोंपकर की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि अजय के ऊपर सरिये से तीन बार वार किया गया था। इसके बाद आरोपी ने सरिया उसके शरीर में दो बार घोंपा।