बिहार
जमीनी विवाद को लेकर बमबारी, दो घायल
By Deshwani | Publish Date: 23/3/2017 5:27:17 PMभागलपुर। बिहार में भागलपुर के मानिकपुर मोहल्ले में जमीनी विवाद को लेकर हुई बमबाजी की घटना में दो लोग जख्मी हो गए । इस घटना में घायल हुए अमित कुमार झा और अशोक राम को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया । बाद में दोनों ने बबरगंज थाना में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। घायल अमित ने बताया कि वे घर के बगल में चार-पांच लोगों के साथ गपशप कर रहे थे तभी गणेश मंडल सिकंदर राम ने गाली गलौज करना शुरू कर दिया और तीन बम विस्फोट कर दिया। जिसमें वह और उनके साथी अशोक राम जख्मी हो गए। अमित ने बताया कि गणेश मंडल और उनके बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
इसी कारण उसपर बम से हमला हुआ। घटना के संबंध में सिटी डीएसपी शहरयार अख्तर ने कहा कि मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है। पूर्व में पीड़ित द्वारा अभियुक्त के खिलाफ थाने में दर्ज कराई गई थी। इसी का बदला लेने के लिए अभियुक्त ने हमला किया है। इस मामले के एक आरोपी सिकंदर राम को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।