बिहार
राजकीय सम्मान पूर्वक सांसद बैद्यनाथ प्रसाद महतो का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन
By Deshwani | Publish Date: 29/2/2020 9:23:32 PMबेतिया। अवधेश कुमार शर्मा। पश्चिम चम्पारण जिला अन्तर्गत वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बैद्यनाथ प्रसाद महतो का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गाँव नौतन प्रखंड अंतर्गत बहोरनपुर में पूर्णतः राजकीय सम्मान पूर्वक सम्पन्न हुआ। दिवंगत बैद्यनाथ प्रसाद महतो उनके ज्येष्ठ पुत्र रमाकांत प्रसाद ने मुखाग्नि दिया। इस अवसर पर बिहार पुलिस के जवानों ने अंतिम सलामी समर्पित किया। दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं ग्रामीण जनता के द्वारा पुष्प चक्र, पुष्प माला व पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
बिहार सरकार के मंत्री, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, सह-प्रभारी मंत्री, पश्चिम चम्पारण मदन सहनी ने बहोरनपुर पहुंच पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दिवंगत नेता की आत्मा की शांति की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दिवंगत महतो के निधन से काफी दुखी हैं। इनका निधन राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिये अपूरणीय क्षति है। अंतिम संस्कार के अवसर पर मंत्री, ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य श्रवण कुमार, सांसद, पश्चिम चम्पारण डाॅ.संजय जायसवाल, राज्यसभा सांसद सतीशचंद्र दुबे, सहित कई अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित जिलाधिकारी, कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त आदि अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।