बेतिया
योगापट्टी में बकरी चरने के विवाद में फायरिंग, दो घायल
By Deshwani | Publish Date: 6/2/2020 7:30:00 AMबेतिया ।अवधेश कुमार शर्मा।योगापट्टी के पिपरपाती गांव में गुरुवार की सुबह बकरी के खेत चरने को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हो गया। इसमें एक परिवार के लोगों ने फायरिंग कर दी। इसमें पिपरपाती के जाकिर अली व फैयाल खां घायल हो गये।
दोनों परिवारों के बीच हुए मारपीट में फैयाज का भांजा गुलफाम खां , अजय ठाकुर, बबलू ठाकुर, सुनील ठाकुर, विवेक ठाकुर, विजय पासवान को चोटें आईं। फायरिंग में घायल दोनों युवकों को पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों का इलाज पीएचसी में चल रहा है। सूचना पर एसपी विवेक कुमार, एसडीएम विद्यानाथ पासवान, एसडीपीओ पंकज कुमार रावत समेत आधा दर्जन थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई।
एसपी ने बताया कि दो परिवारों के बीच में बकरी चराने को ले मारपीट के दौरान एक परिवार के सदस्य ने फायरिंग कर दो लोगों को जख्मी कर दिया है। दोनों को छर्रा लगा है। उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। गोली चलाने वाले की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. श्रीकांत दुबे ने बताया कि पिपरपाती गांव निवासी जाकिर अली के बाएं हाथ व पेट में तथा फैयाज खां के बाएं जांघ में जख्म है। दोनों का इलाज किया जा रहा है।
ग्रामीण सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एक ग्रामीण की बकरी बुधवार की देर शाम गांव के ही दूसरे परिवार के खेत में घुसकर चरने लगी। इसको लेकर खेत मालिक के घर वालों व बकरी वाले के बीच बाताकही शुरू हो गयी। जख्मी लोगों ने आरोप लगाया कि एक पक्ष के लोगों ने बकरी मालिक को पीटना शुरू कर दिया। जब ग्रामीणों ने विरोध शुरू किया तो रायफल व बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी। इसमें जाकिर व फैयाज जख्मी हो गए। घटनास्थल से 12 बोर के चार एवं 315 बोर का एक खोखा बरामद हुआ। हमलावर गिरफ्तारी के डर से घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।