बेतिया
बेतिया में सामान्य ज्ञान के प्रथम 100 श्रेष्ठ विद्यार्थियों को आज़ाद मंच ने किया सम्मानित
By Deshwani | Publish Date: 10/1/2020 9:05:31 PMबेतिया। राष्ट्रीय आजाद मंच के तत्वाधान में जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रथम श्रेणी के एक सौ छात्रों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनमे प्रथम 20 छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र के अलावा एक-एक चंपा का पौधा भी दिया गया। छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि बेतिया विधायक मदन मोहन तिवारी, विशिष्ट अतिथि चंपामय चंपारण के संयोजक दुर्गादत्त पाठक, संगठन के प्रदेश प्रभारी विशाल कुमार मिश्र एवं विभाग संयोजक अशोक कुशवाहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक मदन मोहन तिवारी ने सफल छात्र छात्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी व असफल विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि असफलता से घबराना नही सीख लेकर सफलता की ओर लगन व परिश्रम से आगे बढ़े सफलता कदम चूमेगी, तो भविष्य के विजेता आप होंगे। चंपारण के लिए यह गौरव की विषय है कि यहां के प्रतिभावान बच्चे हर क्षेत्र में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी परचम लहरा रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि दुर्गादत्त पाठक, मंच के प्रदेश प्रभारी विशाल कुमार मिश्रा, विभाग संयोजक अशोक कुशवाहा ने कहा कि मंच समय-समय पर छात्रहित में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है। पुरस्कार अच्छे व्यवहार को और प्रतिस्पर्धी भावना को प्रोत्साहित करने का माध्यम है। इनके अलावा नौतन अध्यक्ष मनोज सोनी,नगर अध्यक्ष विकास आर्य,नगर उपाध्यक्ष राहुल कुमार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर ममता कुमारी,निता कुमारी,शैलेश कुमार यादव,विपिन कुमार,चंदन कुमार,अर्जुन कुमार,अभिनव कुमार,राज कुमार सोनी,सनोज कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहें।