बिहार
बेतिया में शिकारपुर थाना के एएसआई को निगरानी ने 40 हजार रुपये घूस लेने के आरोप में पकड़ा, टीम ले गई उन्हें पटना
By Deshwani | Publish Date: 11/10/2018 10:37:46 PMनिगरानी टीम के साथ गिरफ्तार बेतिया के शिकारगंज एएसआई।
बेतिया। देशवाणी न्यूज नेटवर्क।
बेतिया के शिकारपुर थाना के एएसआई संतोष राम को निगरानी की टीम ने गुरुवार को गिरफ्तार किया। टीम ने उन्हें एक महिला से घूस लेने के आरोप में पकड़ा है। उत्तर बिहार में यह पहला मौका बताया जा रहा है जब एक महिला ने पुलिस के खिलाफ निगरानी को बुलाया है। इसको लेकर महिला को लोग साहसी बता रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग एएसआई को फंसाने की भी बात कर रहे हैं।
पटना से आई थी निगरानी की टीम-
पटना से आई निगरानी टीम में इंस्पेक्टर विजय चौधरी के साथ अधिकारी व पुलिसकर्मी सहित आधा दर्जन सदस्य शामिल थे। गिरफ्तारी के बाद एएसअाई संतोष राम को निगरानी टीम अपने साथ पटना ले गई है। एसएसआई संतोष राम पर 40 हजार रुपये घूस लेने का आरोप लगा है। निगरानी टीम का दावा है कि उन्होंने एएसआई को घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा है।
जानकी देवी ने की थी निगरानी से शिकायत
निगरानी टीम के डीएसपी पीएन सिंह ने बताया कि नरकटियागंज के पुरानी बाजार निवासी जानकी देवी के आवेदन पर यह कार्रवाई की गई है। बताया है कि यह मामला मुर्गी को लेकर जानकी देवी और उनके पड़ोसी विपिन ठाकुर में हुए विवाद से संबंधित है। विपिन ठाकुर ने शिकारपुर थाने में आवेदन देकर जानकी देवी पर आरोप लगाया था। इस मामले की जांच शिकारपुर थाने में पदस्थापित एएसआई संतोष कुमार राम कर रहे थे।
इस जानकी देवी ने निगरानी टीम से संपर्क किया। उन्होंने निगरानी को एएसआई के बारे में शिकायत की थी। जानकी देवी ने निगरानी को बताया था कि एएसआई संतोष राम उनसे चालीस हजार रुपए की मांग कर रहे हैं। निगरानी टीम ने जानकी देवी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।