बेतिया
बेतिया में हरिवाटिका पोखर से बरामद हुआ आईटीआई कर्मी का शव
By Deshwani | Publish Date: 19/2/2018 8:36:09 PMबेतिया। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
मुफस्सिल थाने के हरिवाटिका पोखर से आईटीआई कर्मी अंजनी कुमार उर्फ पिंटू जायसवाल (35) का शव पुलिस ने सोमवार की सुबह बरामद किया। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए एमजेके अस्पताल भेज दिया है। एसडीपीओ संजय कुमार झा ने बताया कि प्रथम दृष्टया डूबने से मौत होना लग रहा है। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता चलेगा।
पुलिस के अनुसार पोखर के अगल-बगल के निवासियों ने सुबह पोखर में शव को उपलाते हुए देखा। शव को लेकर सनसनी फैल गयी। मोहल्ले के लोगों की सूचना पर मुफस्सिल थाने के दारोगा सच्चिदानंद चौधरी व रामाधार राम घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया, तब उसकी पहचान हुई।
घटनास्थल पर मौजूद मृतक की मां मु. वीणा देवी ने बताया कि अंजनी कुमार उसका छोटा बेटा था। बड़ा बेटा अश्विनी कुमार उर्फ पप्पू सुप्रीम कोर्ट में वकील है। अंजनी दो दिन पूर्व घर से निकला था। लेकिन घर वापस नहीं लौटा। उनलोगों ने इसकी सूचना पुलिस को नहीं देकर अपने स्तर से तलाश शुरू की थी। इसी बीच अंजनी का शव पोखर से मिलने की जानकारी मिली।
अंजनी कुमार उर्फ पिंटू जायसवाल की मां वीणा देवी ने बताया कि अंजनी कैजुअल के आधार पर आईटीआई कॉलेज में काम करता था। उसकी शादी 28 फरवरी को नौतन में होने वाली थी। शादी को लेकर घर में तैयारियां चल रही थी। इसी बीच वह गायब हो गया। सोमवार को शव मिला।