बिहार
बेतिया में घर में घुस युवक को चाकू से गोदा, मौत पर शहर में बवाल, आगजनी
By Deshwani | Publish Date: 5/8/2017 7:20:57 PM--- कई थानों की पुलिस टीम कर रही कैम्प, प्रेम प्रसंग का मामला
- कोचिंग संचालक समेत चार लोग शक के दायरे में, पुलिस टीम का गठन
बेतिया। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
शहर के पुरानी गुदरी मुहल्ले में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी । मृतक राजेन्द्र साह का पुत्र बड़का बाबू (22) बताया गया है। घटना से आक्रोशित लोगों ने शनिवार की सुबह शहर के सोआबाबू चौक को जाम कर कर जमकर बवाल काटा। इस दौरान आगजनी की गई वहीं आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस उच्चाधिकारी ने समझाने का प्रयास किया, बावजूद इसके लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ, विरोध प्रदर्शन जारी रहा। स्थिति को देखते हुए आसपास के विभिन्न थानों की पुलिस और पुलिस लाइन से काफी संख्या में पुलिस बल के जवानों को बुला लिया गया है। मौके पर एसपी विनय कुमार, डीएसपी नगर थानाध्यक्ष नित्यानद चौहान, कालीबाग़ ओपी के प्रभारी मनीष कुमार शर्मा सदलबल मुस्तैद हैं। समाचार प्रेषण तक जाम समाप्त नहीं हुआ था। जानकारी के अनुसार बड़का अपने घर में था, इसी बीच तीन चार हमलावर घर में घुसे और युवक पर चाक़ू से वार कर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुन परिजन दौड़े तब तक हमलावर फरार हो गए। घायल युवक को स्थानीय एमजेके अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या के मामले में एक कोचिंग संचालक समेत तीन चार लोगों को शक के दायरे में रखा है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कवायद में पुलिस जुटी है। पुलिस इसे प्रेम प्रसंग का मामला मान रही है। एसपी िवनय कुमार ने बताया कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा, पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी का निर्देश दिया गया है।