बिहार
बेतिया में एसपी के फर्जी क्राइम रीडर को पुलिस ने दबोचा
By Deshwani | Publish Date: 20/1/2017 3:12:08 PMबेतिया। देशवाणी न्यूज नेटवर्क।
पश्चिम चंपारण के पुलिस अधीक्षक का फर्जी रीडर उनके कार्यालय के पास से ही शनिवार को दबोच लिया गया। वह लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करता था। उसका नाम अशोक है। वह जयप्रकाश नगर का रहनेवाला है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर अशोक कुमार को जेल भेजा जा रहा है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ से जानकारी मिली है कि मझौलिया के सेमरा घाट के सलामत बढ़ई को रोजगार की तलाश थी। इसी क्रम में उसकी मुलाकात अशोक से हुई। अशोक ने उसे कनाडा भेजने का झांसा देकर 80 हजार रुपए मांगे। 40 हजार बेतिया में और 40 हजार कनाडा भेजे जाने के बाद देने की बात कही। इसपर सलामत तैयार हो गया।
शनिवार सुबह अशोक ने सलामत को फोन कर उसे बेतिया बुलाया। बोला कि पासपोर्ट का काम हो जाएगा। तय समय पर सलामत बेतिया अशोक के पास पहुंचा। दोनों के बीच बातचीत हो रही थी, तभी सलामत के गांव के ही जकी अहमद के साथ दो-तीन अन्य लोग भी वहां आ गए। जकी अहमद ने कहा कि एसपी आवास पर एक पत्र के बारे में कुछ जानकारी लेनी है। इसके बाद जकी अहमद के साथ सलामत बढ़ई व अशोक कुमार भी एसपी आवास गए। आवास के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी ने उन लोगों को अंदर जाने से रोक दिया। तीनों का परिचय पूछा। सलामत ने सबका परिचय देते हुए अशोक को एसपी का क्राइम रीडर बताया। इतना सुनते ही सिपाही हैरत में पड़ गया। कारण कि वह क्राइम रीडर को पहचानता था। उसे दाल में कुछ काला नजर आया। इसके बाद तीनों को पकड़ लिया गया। यह देख आवास पर तैनात अन्य पुलिसकर्मी भी बाहर आ गए। पकड़े जाने से घबराए सलामत ने पुलिसकर्मियों को पूरी बात बतायी। उसने बताया कि अशोक ने उससे पासपोर्ट व कुछ पैसा भी ठग लिया है।