बिहार
जनसंख्या को लेकर गिरिराज का बयान- हिंदू-मुस्लिम दोनों के लिए हो दो बच्चों का कानून
By Deshwani | Publish Date: 11/7/2019 12:49:54 PM
बेगूसराय। बेगूसराय से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने जनसंख्या नियंत्रण को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए सख्त कानून बने। देश में हिंदू-मुस्लिम दोनों के लिए दो बच्चों का नियम होना चाहिए। इस नियम का पालन नहीं करने वालों का वोटिंग राइट खत्म होना चाहिए।
गिरिराज ने कहा कि देश में कुछ लोग अपने लाभ के लिए समाज में विषमता फैलाते हैं। उन्होंने AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा कि ओवैसी जैसे लोग सामाजिक समरसता में सबसे बड़े बाधक हैँ। भाजपा सांसद ने कहा कि वोट के ठेकेदारों ने जनसंख्या को धर्म से जोड़ दिया है।
इससे पहले गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर कहा कि हिंदुस्तान में जनसंख्या विस्फोट अर्थव्यवस्था सामाजिक समरसता और संसाधन का संतुलन बिगाड़ रहा है। जनसंख्या नियंत्रण पर धामिक व्यवधान भी एक कारण है, हिदुस्तान 47 की तर्ज पर सांस्कृतिक विभाजन की ओर बढ़ रहा है। सभी राजनीतिक दलों को साथ होकर जनसंख्या नियंत्रण कानून के लिए आगे आना होगा।
ज्ञात हो कि बाबा रामदेव ने बढ़ती आबादी पर नियंत्रण के लिए कानून बनाने की पुरजोर वकालत की थी। बाबा रामदेव ने कहा कि अब कानून के जरिए ही आबादी पर लगाम लगाई जा सकेगी। दो बच्चों की नीति का समर्थन करते हुए बाबा रामदेव ने तीन प्वाइंट का एक फॉर्मूला सुझाया था।