बेगूसराय
कन्हैया की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, आचार संहिता उल्लंघन के मामले में एफआईआर दर्ज
By Deshwani | Publish Date: 30/3/2019 12:26:52 PMबेगूसराय। भाकपा उम्मीदवार के तौर पर बेगूसराय सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दरअसल यह एफआईआर चुनाव आचार संहिता उल्लंघन करने के मामले में दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कन्हैया कुमार ने गुरुवार को जिले के एक गांव में एक जनसभा को संबोधित किया था और इसके लिये उन्होंने संबंधित अधिकारी से अनुमति नहीं ली थी। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मंसूर चक प्रखंड विकास पदाधिकारी सह उड़न दस्ता मजिस्ट्रेट शत्रुघ्न रजक की शिकायत के आधार पर यह प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जिले के मंसूर चक पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि कन्हैया भाकपा उम्मीदवार के तौर पर बेगूसराय लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और वहीं इस सीट पर भाजपा की तरफ से गिरिराज सिंह और राजद की तरफ से तनवीर हसन को चुनावी मैदान में उतारा गया है। बता दें कि बेगूसराय सीट पर चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा।