बिहार
पुलिस जीप में ट्रक ने मारी टक्कर, थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मी घायल
By Deshwani | Publish Date: 21/10/2019 6:33:01 PMऔरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले में मदनपुर थाना क्षेत्र के सनीकुआं के निकट राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या दो पर आज एक ट्रक के पुलिस जीप में टक्कर मारने से थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के शिवगंज में आज सुबह दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी जिसमें करीब दस लोग घायल हो गए थे। एक पक्ष के लोगों ने शिवगंज बाजार की कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद मदनपुर के थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी मौके पर पहुंच कर मामले को शांत करवाकर जब वापस लौट रहे थे तभी रानीकुंआ के निकट एक पुल पर पुलिस का वाहन गड्ढे में फंस गया।
सूत्रों के अनुसार इसी दौरान पुलिस वाहन को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, मोहन पासवान, सिपाही नवीन कुमार पासवान, नवीन कुमार, नारद प्रसाद यादव और संजीत कुमार घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।